Noida: क्रिप्टो करेंसी लेने का लालच पड़ सकता है भारी, बातों में उलझाकर नगदी लेकर फरार होने वाला गिरोह गिरफ्तार
पुलिस ने उमेर खान और अनुराग पारासरी को सेक्टर—27 में कैंब्रिज स्कूल के पास से गिरफ्तार किया।

नोएडा की सेक्टर—20 कोतवाली पुलिस ने शनिवार को क्रिप्टो करेंसी दिलाने के नाम पर झांसा दे कर ठगी करने वाले 2 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से पुलिस ने 11 लाख 49 हजार 500 रुपये नकद, 1 चेक बुक और 1 आईडीएफसी फर्स्ट बैंक का डेबिट कार्ड बरामद किया है।
पुलिस ने उमेर खान और अनुराग पारासरी को सेक्टर—27 में कैंब्रिज स्कूल के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस को उनके कब्जे से मिले बैग की तलाशी लेने पर 11 लाख 49 हजार 500 रुपये नकद, एक चेक बुक और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक का डेबिट कार्ड बरामद हुआ है। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों ने सोनू सिंह नाम के व्यक्ति को क्रिप्टो करेंसी में इन्वेस्ट कराने का झांसा दिया था। जब सोनू सिंह तय समय पर पैसे लेकर पहुंचा तो आरोपी धोखे देकर उनसे पैसे ले भागे।
एडीसीपी ने बताया कि सोनू सिंह की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की है। इस नेटवर्क में दो अन्य आरोपियों के भी शामिल होने की जानकारी मिली है, जिनकी गिरफ्तारी का प्रयास जारी है।




