×
Uncategorized

Noida:’सड़क नहीं तो वोट नहीं’ के नारे के साथ प्रदर्शन करने उतरे करोड़ों का विला लेने वाले, बच्चों ने की ग्रेनो वेस्ट से पीएम से भावुक अपील

मार्च ग्रीन रेजिडेंसी स्थित शशि किराना स्टोर से बिहारी मार्केट तक निकाला गया। करीब 500 मीटर के इस रास्ते पर जगह-जगह गड्ढे और जलभराव होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-16बी और चिपियाना बुजुर्ग में जर्जर सड़क और जलभराव की समस्या से परेशान 5000 से अधिक परिवारों का गुस्सा रविवार को सड़कों पर दिखाई दिया। किंग्सन ग्रीन विला, ग्रीन रेजिडेंसी, आलयम विला, जीआर गार्डन और नॉवेल वैली समेत आसपास की सोसायटियों के करीब 500 निवासियों ने एकजुट होकर विरोध मार्च निकाला। हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर लोग घुटने भर पानी और कीचड़ के बीच से गुजरे और बिल्डर तथा स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

मार्च ग्रीन रेजिडेंसी स्थित शशि किराना स्टोर से बिहारी मार्केट तक निकाला गया। करीब 500 मीटर के इस रास्ते पर जगह-जगह गड्ढे और जलभराव होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान सड़क की बदहाली का एक नजारा तब सामने आया, जब किंग्सन ग्रीन विला आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष और सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अतहर आलम पानी से भरे गड्ढे में गिर पड़े।
अतहर आलम ने कहा कि महज डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण वर्षों से नहीं हो पाया है। बिल्डर और जनप्रतिनिधियों के आश्वासन के बावजूद 5000 से अधिक परिवार नारकीय परिस्थितियों में रहने को मजबूर हैं।

बच्चों ने हाथ जोड़कर पीएम और सीएम से लगाई गुहार
विरोध मार्च में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्कूली बच्चों ने हाथों में बैनर लेकर मार्च की अगुवाई की। बच्चों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भावुक अपील करते हुए कहा कि उनकी सड़क बनवा दी जाए, ताकि उन्हें रोजाना स्कूल आने-जाने में परेशानी न हो।
एक महिला निवासी ने बताया कि सड़क पर गड्ढों और कीचड़ के कारण बच्चों को स्कूल छोड़ना किसी चुनौती से कम नहीं है। एक बार स्कूटी फिसलने से वह बच्चे के साथ गिरते-गिरते बचीं। उन्होंने कहा कि लोगों ने करोड़ों रुपये खर्च कर विला खरीदे हैं, लेकिन बदहाल सड़क के कारण मेहमानों को घर बुलाने में भी शर्मिंदगी महसूस होती है। बुजुर्गों ने बताया कि जलभराव के चलते उनका सुबह-शाम टहलना तक बंद हो गया है। लोगों को आशंका है कि आपात स्थिति में एंबुलेंस और दमकल की गाड़ी का पहुंचना भी मुश्किल हो सकता है।

सांसद और विधायक के आश्वासन के बाद भी नहीं बना रास्ता
ग्रीन रेजिडेंसी आरडब्ल्यूए अध्यक्ष कपिल चौधरी ने सांसद डॉ. महेश शर्मा और दादरी विधायक तेजपाल नागर के साथ हुई बैठकों की तस्वीरें दिखाते हुए कहा कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार आश्वासन मिल चुका है, लेकिन धरातल पर अब तक काम शुरू नहीं हुआ। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उदासीनता से निवासी निराश हैं।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क का निर्माण जल्द शुरू नहीं कराया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। साथ ही आगामी चुनाव में ‘सड़क नहीं तो वोट नहीं’ के नारे के साथ मतदान बहिष्कार किया जाएगा। निवासियों ने सड़क का निर्माण आरसीसी या इंटरलॉकिंग तकनीक से कराने की मांग की है।

 

 

 

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Tags

Aashish Gupta

आशीष गुप्ता ने जागरण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता का डिप्लोमा किया है और राजनीतिक विज्ञान में MA करने के बाद वह राष्ट्रीय सहारा, दैनिक जागरण जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों में कार्यरत रहे। 2015 में पीआर कंपनी मेक यू बिग मीडिया प्राइवेट की स्थापना करने के बाद 2021 में फ़ेडरल भारत की शुरुआत की।

Related Articles

Back to top button
Close