Greater Noida: फिर आया थूक लगाने का मामला, मोमोज बेचने वाले के साथ मारपीट
सोशल मीडिया पर पूरे मामले का वीडियो सामने आने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की बिसरख कोतवाली क्षेत्र में स्थित सरस्वती कुंज में एक दुकानदार पर मोमोज में थूक लगाकर बेचने का आरोप लगा है। ऑनलाइन फूड कंपनी से जुड़े डिलीवरी ब्वॉय ने मोमोज बेचने वाले के साथ गाली—गलौज करने के बाद पिटाई की। सोशल मीडिया पर पूरे मामले का वीडियो सामने आने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि चाप विक्रेता के साथ मारपीट की गई और आरोपियों ने खुद उसका वीडियो बनाया है। बाद में जिसे वायरल कर दिया। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ युवक विक्रेता से उसका आधार कार्ड मांगा गया। दरअसल क्यूआर कोड पर विक्रेता के नाम से अलग आया था। उन युवकों ने आरोप लगाया है कि विक्रेता थूक लगाकर मोमोज बेचता है।
पिटाई से पीड़ित इरफान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह सरस्वती कुंज में मिस्टर चाप वाला राजू की दुकान पर काम करता है। घटना के दौरान आरोपी आपस में एक-दूसरे का नाम कपिल और दिनेश लेकर पुकार रहे थे, जिनके साथ अन्य युवक भी मौजूद थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने कपिल, दिनेश और उनके अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।




