Noida: ग्रेनो वेस्ट में स्टिकर मांगने पर भड़का कार चालक, सुरक्षा सुपरवाइजर से मारपीट, गार्डों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश
सेंचुरियन पार्क लो-राइज अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब 1:21 बजे एक व्यक्ति कार लेकर सोसाइटी के मुख्य गेट पर पहुंचा।

ग्रेनो वेस्ट स्थित सेंचुरियन पार्क लो-राइज अपार्टमेंट सोसाइटी के मुख्य गेट पर बिना वैध स्टिकर के कार को अंदर जाने से रोकना सुरक्षा कर्मचारियों को भारी पड़ गया। आरोप है कि स्टिकर और पहचान पत्र दिखाने के लिए कहने पर कार चालक भड़क गया। उसने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा सुपरवाइजर और गार्डों के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की। आरोप है कि उसने सुरक्षाकर्मियों को कुचलने की नीयत से उनकी तरफ तेज रफ्तार में कार बढ़ा दी। कर्मचारियों ने समय रहते किनारे हटकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद सोसाइटी के मुख्य गेट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सोसाइटी एसोसिएशन ने मामले में बिसरख थाना प्रभारी को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सेंचुरियन पार्क लो-राइज अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब 1:21 बजे एक व्यक्ति कार लेकर सोसाइटी के मुख्य गेट पर पहुंचा। कार पर सोसाइटी का वैध स्टिकर नहीं था। चालक गेट से अंदर प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा सुपरवाइजर कपिल ने उसे रोककर सोसाइटी के नियमों के अनुसार स्टिकर या पहचान दिखाने के लिए कहा। सुपरवाइजर ने पुलिस के निर्देशों के तहत सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की बात भी कही।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पहचान संबंधी जानकारी मांगने पर कार चालक नाराज हो गया। वह गाड़ी से नीचे उतरा और जबरन सिक्योरिटी बैरियर हटाने की कोशिश करने लगा। सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। मुख्य गेट पर तैनात कर्मचारियों ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ता चला गया।
तेज रफ्तार में कार बढ़ाने का आरोप
एसोसिएशन की शिकायत के अनुसार, विवाद के दौरान कार चालक ने सुपरवाइजर और गार्डों की तरफ तेज रफ्तार में गाड़ी बढ़ा दी। अचानक गाड़ी अपनी ओर आती देखकर सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत किनारे हटकर खुद को बचाया। एसोसिएशन ने इस घटना को सुरक्षाकर्मियों की जान के लिए खतरा बताते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज को साक्ष्य बनाने की मांग
घटना सोसाइटी के मुख्य गेट पर हुई, जहां सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। एओए का दावा है कि कैमरों में घटना कैद हुई है। तहरीर में पुलिस से सीसीटीवी फुटेज को जांच में शामिल करने और मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों के बयान दर्ज करने मांग की गई है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।



